190 लीटर चुलाई शराब और 1500 किलो जावा महुआ जब्त, अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप
पलामू। दुर्गा पूजा समेत आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पलामू जिला प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। पलामू उपायुक्त के निर्देशानुसार और उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष छापामारी अभियान चलाकर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अक्टूबर 2026 में चलाए गए इस अभियान के दौरान उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
अभियान के तहत विभाग ने 19.560 लीटर अवैध विदेशी शराब, 14.200 लीटर अवैध बीयर, 12 लीटर अवैध देशी शराब और करीब 190 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद कर जब्त की। इसके अलावा, अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ को भी बरामद कर नष्ट किया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण और बिक्री से जुड़े कारोबारियों को बड़ा झटका लगा है।
छापामारी के दौरान कार्रवाई करते हुए कुल 25 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। सभी के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है। वहीं, मौके से फरार हुए पांच अन्य अभियुक्तों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब का निर्माण, भंडारण और बिक्री करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






