नौडीहा बाजार/पलामू।
पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में नंगे बिजली तार की चपेट में आने से संदीप भुईयां की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 57 वर्षीय ललन भुईयां के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के भाई वीरेंद्र भुईयां ने संदीप भुईयां की हत्या का आरोप लगाते हुए सुरेश भुईयां, कृष्णा भुईयां और ललन भुईयां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ललन भुईयां ने अपनी बारी में मकई की फसल लगाई थी। फसल को नीलगाय से बचाने के लिए उसने सिंगल फेज बिजली कनेक्शन के खंभे और बिजली पोल के सहारे नंगे बिजली के तार से खेत की घेराबंदी कर रखी थी।
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि घटना के दिन संदीप भुईयां इसी नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने जांच के आधार पर ललन भुईयां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पलामू पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि खेत, जमीन या बाउंड्री की घेराबंदी के लिए बिजली के नंगे तार का इस्तेमाल न करें। पुलिस ने कहा कि ऐसी घेराबंदी के कारण किसी व्यक्ति या जानवर की जान जा सकती है और इस तरह बिजली के नंगे तार का इस्तेमाल करना गंभीर अपराध है।






