सतबरवा।
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र कसियाडीह के पास एक निजी मकान में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित अल्ट्रासाउंड मशीन को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जब्त कर लिया। बुधवार शाम मनिका स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सक डॉ. दिव्या क्षितिज कुजूर के नेतृत्व में मनिका एवं सतबरवा पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कसियाडीह के पास एक निजी मकान में बिना वैध प्रक्रिया के अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने पुलिस बल के साथ मकान में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन बरामद कर जब्त कर ली गई।
मकान की मालकिन कलावती देवी ने टीम को बताया कि उक्त मशीन ओम रंजन नामक डॉक्टर की है, जो मनिका में चिकित्सक के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनुसार, मकान में गर्भवती महिलाओं के अलावा बच्चों और पुरुषों का भी अल्ट्रासाउंड किया जाता था। उन्होंने कहा कि मशीन के संचालन से संबंधित कागजी प्रक्रिया या वैध अनुमति के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी।
मनिका स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी डॉ. दिव्या क्षितिज कुजूर ने बताया कि उन्हें अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन लगाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन के सहयोग से छापेमारी कर मशीन जब्त की गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जा सकेगी।
छापेमारी के दौरान मशीन का कथित संचालक मौके से फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मशीन के संचालन की वैधता, संबंधित दस्तावेज और अन्य पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






