मेदिनीनगर/छत्तरपुर।
पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डाली गांव में एक विवाहिता को पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। घायल महिला की पहचान 25 वर्षीय ऊषा देवी, पति गुरुदेव सिंह के रूप में हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय ऊषा देवी घर के अंदर थी। इसी दौरान पति गुरुदेव सिंह ने कथित रूप से उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गया। आग लगने के बाद महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और कंबल की मदद से आग बुझाई गई। जिसके बाद परिजनों के द्वारा महिला को एमएमसीएच में भर्ती किया गया तथा प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी देते हुए बड़ी गोतनी ममता देवी ने बताया कि पति पत्नी को मायके (नैहर) कुंडौली जाने की बात को तैयार होने के बाद पेट्रोल छिड़क कर माचिस मार कर भाग गया। जिसके बाद परिजनों के द्वारा कंबल डाल कर आग को बुझाया गया। बताया जा रहा है कि दोनों की शादी 2023 में हुई थी।






