मेदिनीनगर (पलामू)।
मेदिनीनगर में डिज्नीलैंड मेले के समीप कोयल नदी किनारे भीख मांगकर गुजर-बसर कर रहे दो मासूम बच्चों के पेट पर चीरे के निशान मिलने से सनसनी फैल गई। बच्चों के शरीर पर ऑपरेशन के निशान देखकर बाल कल्याण समिति (CWC) पलामू के अधिकारी भी हैरान रह गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को दोनों बच्चों का रेस्क्यू कर उन्हें निगरानी के लिए बाल गृह में रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, CWC को मेले के समीप दो बच्चों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद CWC चेयरमैन शैलेंद्र नाथ चतुर्वेदी के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया। बच्चों के शरीर का निरीक्षण करने के दौरान उनके पेट पर चीरे के निशान दिखाई दिए।
जब अधिकारियों ने बच्चों से पेट पर निशान के संबंध में पूछताछ की तो दोनों ने अलग-अलग वजह बताई। एक बच्चे ने बताया कि उसके पेट में गिल्टी हो गई थी, जिसका इलाज कराया गया था। वहीं दूसरे बच्चे ने कहा कि उसने पत्थर खा लिया था, जिसके कारण पेट में पथरी हो गई और उसे निकालने के लिए ऑपरेशन किया गया।
बच्चों के बयानों में अंतर होने के कारण मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। देर शाम तक CWC की टीम बच्चों से जानकारी जुटाती रही। दोनों बच्चों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है। मंगलवार को चिकित्सकीय जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट और बच्चों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






