होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

पहले ‘काजल’ बनकर फोन, फिर जंगल में बुलाया 10 लाख की सुपारी वाले हत्याकांड का खुलासा

On: September 27, 2026 5:48 AM
Follow Us:

10 लाख की सुपारी देकर पति की हत्या का आरोप, पत्नी समेत 7 गिरफ्तार

लेस्लीगंज/पलामू।
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल से बरामद अज्ञात शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी निवासी पंकज उरांव के रूप में हुई है। मामले में उसकी पत्नी अनिमा कुमारी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर 2026 की सुबह करीब छह बजे एकता जंगल में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया और जिले के सभी थानों को इसकी सूचना दी। इसी दौरान पता चला कि पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी निवासी बिरजू उरांव ने 19 सितंबर को अपने बेटे पंकज उरांव की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में बिरजू उरांव ने शव की पहचान अपने पुत्र के रूप में की।

घरेलू विवाद से हत्या की साजिश तक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ और अनुसंधान में सामने आया कि पंकज और उसकी पत्नी अनिमा की शादी वर्ष 2023 में हुई थी। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और अनिमा ने पंकज पर मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इसी विवाद के बाद कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस के अनुसार, अनिमा और उसके पिता ने पंकज की हत्या के लिए तेतरी देवी और उसके पति पिंटू कुमार दास को 10 लाख रुपये देने की बात तय की। पुलिस का दावा है कि रकम का भुगतान ऑनलाइन किया गया था और करीब 8 लाख रुपये तेतरी देवी के बैंक खाते में मौजूद मिले हैं।

युवती बनकर फोन किया, फिर जंगल बुलाया
पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए तेतरी देवी और पिंटू कुमार दास ने कथित तौर पर रिंकी देवी और उसके पति जितेंद्र कुमार को भी शामिल किया। रिंकी देवी ने कथित तौर पर ‘काजल कुमारी’ नाम से पंकज से फोन पर बातचीत की और उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया।

पुलिस का दावा है कि पहली मुलाकात के बाद रिंकी ने दोबारा पंकज को शाम में मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह पंकज को लेकर जंगल की ओर चली गई। पीछे से बोलेरो वाहन से अन्य आरोपी भी वहां पहुंचे।

जंगल में गला घोंटकर हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, जंगल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर दुपट्टे से गला घोंटकर पंकज उरांव की हत्या कर दी। इसके बाद शव को एकता जंगल में फेंक दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी दावा किया गया है कि अनिमा के पिता को जमीन बेचने से करीब 50 लाख रुपये मिले थे, जिनमें से कथित तौर पर 10 लाख रुपये हत्या की सुपारी में दिए गए।

पत्नी समेत सात आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में अनिमा कुमारी, पिंटू कुमार, तेतरी देवी, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

मोबाइल, नकदी, बैंक दस्तावेज और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का POCO मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल फोन, नकदी, बैंक पासबुक, चेकबुक और सुजुकी XL6 कार (JH01EA0391) समेत अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद सामानों को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।
मामले में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 137/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026, के तहत धारा 103(1)/238(a) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

छापामारी दल में लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सअनि बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड और पलामू पुलिस की तकनीकी शाखा के पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

मेदिनीनगर में चेन स्नैचिंग की दो वारदातों से हड़कंप, एक घंटे के भीतर दो महिलाओं को बनाया निशाना

पलामू में पशु तस्करी के बड़े नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, दो कंटेनरों से 73 भैंस-भैंसा बरामद, छह गिरफ्तार

एमएमसीएच में नवजात का शव लेकर घूमता रहा कुत्ता, डीसी एसपी पहुंचे अस्पताल, डॉग स्क्वॉड से होगी जांच

खरगे की टिप्पणी पर भाजपा युवा नेता श्वेतांक गर्ग का हमला, बोले-यह लोकतंत्र का गिरता स्तर

जीवन ज्योति नर्सिंग होम पर बड़ी कार्रवाई, पंजीकरण निलंबित; नई भर्ती, प्रसव और ऑपरेशन पर रोक

पलामू में निजी नर्सिंग होम पर गंभीर सवाल: दो महिलाओं और नवजात की मौत, जांच के दौरान डॉक्टर और स्टाफ गायब

Leave a Comment

error: Content is protected !!