होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

रामपुर गोलीकांड में 17 नामजद व 25 अज्ञात पर एफआईआर,आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज

On: May 24, 2026 7:02 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गोलीकांड मामले में पुलिस ने 17 नामजद तथा 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

ज्ञात हो कि शनिवार को रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। आरोप है कि एक विधवा महिला के घर को गिरा दिया गया था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें सकेंद्र चौधरी नामक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चैनपुर-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर शाहपुर स्थित कोयल पुल के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

मामले में मृतक के पिता मधु चौधरी के बयान पर चैनपुर थाना में कांड संख्या 126/25 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में मंटू सिंह, राजेंद्र सिंह, मुनारिक सिंह, ब्रह्मदेव सिंह, उमाकांत सिंह, बगन सिंह, चंदन सिंह, बादल सिंह, गोलू सिंह, मनीष सिंह, दिलीप सिंह, ललन सिंह, कुंदन सिंह, जयराम सिंह, रामस्वरूप सिंह, मंटू सिंह तथा राणा सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा 25 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

प्राथमिकी में मधु चौधरी ने बताया है कि उनके घर के समीप खाली जमीन पर एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचे और घर को तोड़ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध करने और मिन्नतें करने के बावजूद आरोपियों ने धमकी दी और वहां से चले गए। बाद में जब परिवार के लोग गिरी हुई ईंटों को उठा रहे थे, तभी आरोपी दोबारा पहुंचे और हत्या की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से उनके बेटे सकेंद्र चौधरी की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए।

चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment