मेदिनीनगर:
शहर में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने दो अलग-अलग छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जमीन विवाद में बड़ी वारदात को अंजाम देने और राहगीरों को लूटने की योजना बना रहे थे, हालांकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पहली कार्रवाई रविवार रात करीब 10 बजे सदर अस्पताल के पास की गई। गश्ती दल को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी अवैध हथियारों के साथ किसी घटना की साजिश रच रहे हैं। पुलिस के पहुंचते ही दो युवक भागने लगे, जिनमें से सुमित चंद्रवंशी (28) को पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी राजा चंद्रवंशी फरार हो गया। सुमित के पास से एक पिस्टल, छह जिंदा गोलियां, एक मोबाइल फोन और एक बाइक बरामद की गई।
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि दोनों आरोपी जमीन विवाद में बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। सुमित चंद्रवंशी पर पहले से हत्या और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं, जबकि फरार आरोपी राजा चंद्रवंशी के खिलाफ चौनपुर थाने में सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
दूसरी कार्रवाई सोमवार तड़के करीब 3 बजे टीओपी-2 क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी के पास की गई। पुलिस को डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के समीप फायरिंग की सूचना मिली थी। टीओपी प्रभारी राकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेलवे लाइन के किनारे सुनसान रास्ते पर दो संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान अंशु कुमार उर्फ मंटू (24) और आदित्य कुमार गुप्ता उर्फ लक्की (22) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां, एक खोखा, एक चाकू और एक लोहे का फाइटर बरामद किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे की लत के कारण राहगीरों को हथियार के बल पर लूटने की योजना बना रहे थे और उन्होंने एक-एक राउंड फायरिंग भी की थी। पुलिस ने दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।






