मेदिनीनगर।
इंटरमीडिएट (12वीं) सप्लीमेंट्री परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को स्नातक सत्र 2026-30 में नामांकन का अवसर देने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने चांसलर पोर्टल पुनः खोलने की मांग की है।
इस मांग को लेकर अभाविप के प्रतिनिधिमंडल ने नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय, मेदिनीनगर के छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) से मुलाकात कर विद्यार्थियों की समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि सप्लीमेंट्री परीक्षा में सफल होने वाले कई विद्यार्थी चांसलर पोर्टल बंद होने के कारण स्नातक में नामांकन से वंचित हो रहे हैं। ऐसे में उनका एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक वर्ष प्रभावित होने की आशंका है।
अभाविप के जिला संयोजक उत्कर्ष तिवारी ने कहा कि सप्लीमेंट्री परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को नामांकन से वंचित रखना उनके भविष्य के साथ अन्याय होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रहित को ध्यान में रखते हुए चांसलर पोर्टल पुनः खोलने की पहल करनी चाहिए, ताकि सभी योग्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा का अवसर मिल सके।
जीएलए कॉलेज इकाई अध्यक्ष चित्तेश पांडे ने कहा कि कई विद्यार्थियों ने मेहनत कर सप्लीमेंट्री परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। यदि उन्हें स्नातक में नामांकन का अवसर नहीं मिला, तो उनका एक साल बर्बाद हो सकता है। इसलिए विश्वविद्यालय प्रशासन को विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर DSW ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए उचित पहल करने की बात कही। अभाविप ने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द चांसलर पोर्टल पुनः खोलने की दिशा में निर्णय लेगा।
इंटरमीडिएट सप्लीमेंट्री में सफल विद्यार्थियों के लिए चांसलर पोर्टल खोलने की मांग






