मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले में चतुर्थ वर्गीय (फोर्थ ग्रेड) कर्मचारियों की बहाली लिखित परीक्षा के आधार पर कराने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। आंदोलन का नेतृत्व छात्र नेता सत्यनारायण शुक्ला कर रहे हैं। सत्यनारायण शुक्ला ने बताया कि चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों की नियुक्ति मैट्रिक के अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से की जानी चाहिए। साथ ही परीक्षा की तिथि और सिलेबस भी जल्द जारी करने की मांग की गई है। उनका कहना है कि यह निर्णय छात्र हित और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर पिछले 16 महीनों से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, कार्मिक सचिव और वित्त मंत्री सहित कई उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि अब रांची या दिल्ली जाने के बजाय पलामू को ही संघर्ष का केंद्र बनाते हुए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की गई है।
शुक्ला ने स्पष्ट किया कि जब तक लिखित परीक्षा के माध्यम से बहाली कराने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन और भूख हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान अनूप पासवान, सोनू सागर सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और समर्थक मौजूद रहे।






