पुरन्धर बिगहा के पास 3-4 राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग, कई आपराधिक मामलों में आरोपी था मृतक
हुसैनाबाद (पलामू)।
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अपराधियों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पुरन्धर बिगहा के पास रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। अज्ञात अपराधियों ने ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह पर तीन से चार राउंड ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सिद्धार्थ नगर, जपला निवासी ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर अपराधियों की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
कई गंभीर मामलों में आरोपी था छोटू सिंह
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह आर्म्स एक्ट, रंगदारी, जानलेवा हमला और आबकारी अधिनियम समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी था। वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश और आपराधिक गिरोहों के बीच विवाद के कोण से भी जांच की जा रही है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।






