पलामू।
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले में पलामू से जुड़े तारों की जांच तेज हो गई है। बुधवार को नौ दिनों के भीतर दूसरी बार सीआईडी की टीम ने पलामू में दबिश दी। टीम शिक्षक संतोष कुमार सिंह और कोचिंग संचालक रविशंकर कुमार की गिरफ्तारी के लिए वारंट लेकर उनके आवास पर पहुंची।
सीआईडी की टीम ने शहर थाना पुलिस के साथ संतोष कुमार सिंह के हमीदगंज स्थित बीएन कॉलेज के समीप वाले घर में छापेमारी की। इसके अलावा जीएलए कॉलेज के पास स्थित रविशंकर कुमार के आवास पर भी तलाशी ली गई। दोनों आरोपियों के फरार होने के कारण टीम ने उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका। बताया जाता है कि रविशंकर कुमार रांची में एक कोचिंग सेंटर संचालित करता है। पुलिस के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। परिवार के सदस्यों को गिरफ्तारी वारंट की जानकारी भी दी गई है।
इस मामले में 3 अगस्त की कार्रवाई भी अहम रही थी। उस दिन सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की थी। करीब पांच घंटे तक घरों के कमरों, अलमारियों, दस्तावेजों और अन्य सामान की बारीकी से जांच की गई थी। तलाशी के दौरान कुछ संदिग्ध कागजात और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए थे।
जानकारी के मुताबिक, जेपीएससी नियुक्ति में गड़बड़ी के मामले में गिरफ्तार परीक्षा माफिया अभय तिवारी से पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पलामू में यह कार्रवाई की जा रही है। इसी इनपुट के बाद सीआईडी की अलग-अलग टीमों ने पलामू में लगातार छापेमारी शुरू की है।






