चैनपुर।
चैनपुर थाना क्षेत्र के अकड़ाही रोड स्थित शुभ मम प्लांट के समीप रविवार सुबह एक टंकी से युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चैनपुर निवासी 25 वर्षीय सोनू राम के रूप में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों की नजर शुभ मम प्लांट के समीप स्थित एक टंकी में पड़े युवक के शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर तेजी से इलाके में फैल गई, जिसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव टंकी में कैसे पहुंचा, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कह रही है।






