रेहला में खाद्य सुरक्षा टीम की कार्रवाई, अनियमितताओं पर प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी
रेहला, पलामू।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को सदर एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा टीम के साथ रेहला में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दो होटलों और मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में साफ-सफाई, स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन में कई अनियमितताएं पाई गईं।
कार्रवाई के दौरान टीम ने तीन घरेलू एचपी गैस सिलेंडर जब्त किए। जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित रखने के लिए विश्रामपुर स्थित अमन गैस एजेंसी को सौंप दिया गया। वहीं, जांच के दौरान मिली अनियमितताओं को लेकर संबंधित प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश दिए गए और कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
प्रशासन के अनुसार, त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से होटल और मिठाई दुकानों के संचालकों में सतर्कता बढ़ने की उम्मीद है।






