नौडीहा बाजार।
नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव स्थित विस्फुटा कुआं (रबदा)के पास सोमवार की शाम करीब 4:30 बजे टेंपो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार विजय कुमार (19 वर्ष), पिता देवकी भुईयां, ग्राम रबदा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, विजय कुमार अपने घर से बाजार जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकला था। इसी दौरान विस्फोटक कुआं के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो से उसकी मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल विजय कुमार को तत्काल छतरपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने रात करीब 10 बजे एमएमसीएच (मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल), मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
परिजन उसे लेकर मेदिनीनगर जा रहे थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि घटना सोमवार करीब 4:30 की है। टेंपो और चालक दोनों को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया है, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






