मेदिनीनगर।
पलामू पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय एक शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार चोरों के साथ चोरी के जेवर खरीदने वाले एक सोनार को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुन्दन कुमार मेहता, पंकज कुमार, किशन कुमार, संजीव कुमार और सोनार अनुरंजन कुमार सोनी शामिल हैं। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी के आभूषण और चांदी के बर्तन भी बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बंद घरों की पहले रेकी करता था और फिर सुनसान मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देता था। चोरी के बाद सामान को तुरंत सोनार के पास बेच दिया जाता था, जहां उन्हें गला दिया जाता था ताकि पहचान मिटाई जा सके।
इस कार्रवाई से पड़वा, पाटन और नौडीहा बाजार थाना क्षेत्रों में हुई कुल आठ चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। मंगलवार को एसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों अविनाश मेहता और गोलू के साथ मिलकर संगठित तरीके से अपराध करने की बात स्वीकार की है।
फिलहाल पुलिस ने सभी पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।






