होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

25 हजार रुपये के उधार को लेकर दो दोस्तों में बढ़ा विवाद, बीयर पिलाने के बहाने ले जाकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

On: May 30, 2026 5:13 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर/छत्तरपुर।
पलामू जिले के छत्तरपुर थाना क्षेत्र में हुए पारा शिक्षक उदय सिंह हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक के मित्र एवं पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह दोनों के बीच रुपए के लेन-देन को लेकर चल रहा विवाद था। जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र यादव ने करीब छह माह पूर्व उदय सिंह से 25 हजार रुपये उधार लिए थे। उदय सिंह ब्याज सहित लगभग 50 हजार रुपये की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर एक सप्ताह पहले दोनों के बीच विवाद, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी हुई थी।

पुलिस के अनुसार, इस घटना से नाराज होकर सुरेंद्र यादव ने उदय सिंह की हत्या की योजना बनाई। गुरुवार को वह उदय सिंह को बीयर पीने के बहाने अपने साथ ले गया। बताया जाता है कि वह अपने झोले में पहले से ही फरसा लेकर निकला था। घटना की रात दोनों ने साथ बैठकर बीयर पी। इसके बाद सुरेंद्र यादव उदय सिंह को एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

मृतक की पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर छत्तरपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुरेंद्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, घटना के समय पहने गए कपड़े तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपी सुरेंद्र यादव (40 वर्ष) छत्तरपुर नगर स्थित नाग बाबा मंदिर के समीप का निवासी है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment