पलामू। पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से खोए और चोरी हुए कुल 97 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंपे। एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत मोबाइल बरामदगी के बाद पुलिस ने संबंधित लोगों की पहचान कर उन्हें उनके फोन सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लोगों ने पलामू पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
बरामद मोबाइलों में छतरपुर से 9, हरिहरगंज से 5, पिपरा से 9, नौडीहा बाजार से 5, सदर थाना से 1, चैनपुर से 4, रामगढ़ से 2, पाटन से 1, नावाजयपुर से 11, मनातू से 5, तरहसी से 4, पड़वा से 4, लेस्लीगंज से 15, सतबरवा से 2, रेहला से 8, उटारी रोड से 2 और शहर थाना क्षेत्र से 10 मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हर महीने की 25 तारीख को ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रेस कर बरामद करने और उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की कार्रवाई की जाती है। इस अभियान से लगातार लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल रहे हैं। पुलिस की इस पहल से आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।






