पलामू।
लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालगंज स्थित झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के रोहित सीएसपी में सोमवार को लूट की कोशिश कर रहे दो अपराधियों को स्थानीय ग्रामीणों और सीएसपी संचालक ने पकड़ लिया। इस दौरान अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने की सूचना भी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही लेस्लीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को ग्रामीणों की भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरहसी थाना क्षेत्र के पतीला गांव निवासी पवन कुमार सिंह (21) और बजलपुर गांव निवासी रामबीर सिंह (20) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा गोलियां, एक खोखा, सीएसपी से लूटे गए 7,100 रुपये, नोकिया की-पैड मोबाइल, काले रंग का बैग, तौलिया और गमछी बरामद किया। अपराध में प्रयुक्त बताई जा रही पल्सर मोटरसाइकिल (JH03AQ3836) भी जब्त की गई है, जिसे सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल से लूटे जाने की बात सामने आई है।
पूछताछ में दो और सीएसपी लूट का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पवन कुमार सिंह ने करीब दो माह पूर्व अपने सहयोगी राजा सिंह के साथ पांकी थाना क्षेत्र के तेतराई स्थित सीएसपी और मनातू थाना क्षेत्र के सेमरी मोड़ स्थित सीएसपी में पिस्टल का भय दिखाकर लूट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस इन मामलों में भी आगे की कार्रवाई कर रही है।
मामले को लेकर लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 135/2026, दिनांक 22 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि पवन कुमार सिंह के खिलाफ पहले से तरहसी और बरवाडीह थानों में कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।






