गढ़वा।
जिले में मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं और मध्य प्रदेश के विंध्यनगर थाना क्षेत्र स्थित कंचन ज्वेलर्स में हुई डकैती के मामले का गढ़वा पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को रंका थाना क्षेत्र तथा 13 सितंबर को हरिहरपुर ओपी क्षेत्र में मोटरसाइकिल लूट की घटनाएं हुई थीं। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इन घटनाओं में शामिल अपराधी RONIN मोटरसाइकिल से आवागमन कर रहे हैं और उनका संबंध मध्य प्रदेश के विंध्यनगर स्थित कंचन ज्वेलर्स डकैती से भी है।
18 सितंबर को विंध्यनगर थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान पुलिस मुठभेड़ में घायल रोशन कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। अनुसंधान के दौरान रंका और हरिहरपुर की लूट तथा कंचन ज्वेलर्स डकैती में सोनू उर्फ शाबीर अंसारी, शमशाद अंसारी और रोशन कुमार की संलिप्तता सामने आई।
इसके बाद पुलिस ने सोनू उर्फ शाबीर अंसारी (29), ग्राम पतिहारी, थाना विशुनपुरा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त RONIN मोटरसाइकिल, 15.33 ग्राम सोना और 35 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
वहीं रोशन कुमार का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि शमशाद अंसारी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।






