मेदिनीनगर।
पलामू पुलिस ने ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड नंबर प्लेट और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ शुक्रवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में शहर थाना क्षेत्र एवं चैनपुर थाना क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने ब्लैक फिल्म और मॉडिफाइड नंबर प्लेट वाले कुल 20 चारपहिया वाहनों को थाना लाकर जांच की। इनमें 07 ब्लैक थार, 03 ब्लैक स्कॉर्पियो-एन, 02 ब्लैक स्कॉर्पियो क्लासिक और 08 अन्य चारपहिया वाहन शामिल थे। पुलिस ने वाहनों में लगी ब्लैक फिल्म मौके पर हटवाई। वहीं मॉडिफाइड नंबर प्लेट को लेकर वाहन मालिकों को सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस ने सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी देते हुए मुक्त कर दिया। पलामू पुलिस ने वाहन चालकों से मॉडिफाइड साइलेंसर, नंबर प्लेट व लाइट का इस्तेमाल नहीं करने तथा नियम विरुद्ध काली फिल्म लगाने से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।






