पलामू।
झारखंड सरकार की पहल के तहत पलामू पुलिस को 31 नए चारपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में इन वाहनों को जिले के विभिन्न थानों एवं ओपी को विधिवत सुपुर्द किया। इसके बाद हरी झंडी दिखाकर वाहनों को संबंधित थानों के लिए रवाना किया गया।
नए वाहनों के मिलने से जिले में पुलिस गश्ती, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और त्वरित पुलिस कार्रवाई को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से ग्रामीण, दुर्गम और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच पहले से बेहतर होगी। किसी घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम कम समय में घटनास्थल तक पहुंच सकेगी।
पलामू का भौगोलिक क्षेत्र काफी विस्तृत है। ऐसे में पुलिस वाहनों की संख्या बढ़ने से पुलिस की गतिशीलता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता मजबूत होगी। इससे नियमित गश्ती के साथ अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी पुलिस को सहूलियत होगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि उपलब्ध कराए गए वाहनों का अधिकतम और प्रभावी उपयोग किया जाए। उन्होंने थाना एवं ओपी प्रभारियों को वाहनों के समुचित रखरखाव के साथ नियमित गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि पलामू पुलिस आमजनों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जवाबदेह पुलिसिंग के लिए प्रतिबद्ध है। नए वाहनों की उपलब्धता से पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को जरूरत के समय पुलिस की त्वरित सहायता मिल सकेगी।






