पलामू।
मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के हैदरनगर -मोहम्मदगंज मुख्य पथ पर सवनवा मोड़ पर रविवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार डाली गांव निवासी शंभू राम(60) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हैदरनगर-मोहम्मदगंज मुख्य पथ जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना प्रभारी तंजुल मनान और मोहम्मदगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद करीब कुछ घंटों में ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
मोहम्मद गंज थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। साथ ही फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान व गिरफ्तारी के लिए पूछताछ कर रही है। घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।






