पलामू।
नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में 11 एसी की खरीद और स्थापना पर खर्च किए गए करीब ₹9.27 लाख को लेकर आपसू और एनएसयूआई ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गंभीर सवाल उठाए हैं। छात्र संगठनों ने ऑडिट दस्तावेजों में दर्ज आपत्तियों के आधार पर मामले में जांच, जिम्मेदारी तय करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
छात्र नेताओं के अनुसार, ऑडिट दस्तावेजों में 11 एसी की खरीद पर ₹8,73,400 और एसी लगाने के नाम पर ₹54,010, यानी कुल ₹9,27,410 का भुगतान दर्ज है। नेताओं ने कहा कि खरीद और स्थापना से संबंधित दस्तावेजों में तारीखों को लेकर भी विसंगति सामने आई है। रिकॉर्ड के अनुसार एसी की आपूर्ति 4 जुलाई 2025 को, प्राप्ति 8 जुलाई 2025 को दर्शाई गई है, जबकि स्थापना से संबंधित दस्तावेज में 22 जून 2025 की तारीख दर्ज है। इस अंतर को लेकर ऑडिट में भी सवाल उठाए गए हैं।
प्रेस वार्ता में राहुल कुमार दुबे, कमलेश पांडेय और अमरनाथ तिवारी ने कहा कि विश्वविद्यालय भवन पहले से केंद्रीकृत वातानुकूलन व्यवस्था से लैस है। ऐसे में 11 अतिरिक्त एसी की आवश्यकता और वित्त समिति की स्वीकृति को लेकर सवाल उठता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक भवन के विभिन्न अधिकारियों के कक्षों में एसी लगाने के लिए टेंडर होने के बावजूद बड़ी संख्या में एसी कुलपति आवास के किचन, बाथरूम, हॉल और बेडरूम में लगाए गए।
छात्र नेताओं ने कहा कि मामला केवल जांच तक सीमित नहीं रहना चाहिए। ऑडिट आपत्तियों पर कार्रवाई करते हुए जिम्मेदारी निर्धारित की जाए और नियमों के अनुसार राशि की वसूली की जाए। उन्होंने बताया कि राज्यपाल और मुख्यमंत्री से मिलने के लिए ईमेल के माध्यम से समय मांगा गया है। समय नहीं मिलने पर लोकभवन सचिवालय से कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की जाएगी।
संगठनों ने चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं होने पर राजभवन के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की जाएगी। साथ ही उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर झारखंड उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर कर मामले की सीबीआई जांच की मांग करने की बात कही गई।
नीलाम्बर पीताम्बर यूनिवर्सिटी के कुलपति ने क्या कहा?
एसी खरीद मामले को लेकर एनपीयू के कुलपति डॉ. दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि एसी की खरीदारी नियमानुसार जेम पोर्टल के माध्यम से हुई है। जिस वक्त एसी की खरीदारी हुई थी, उस वक्त नीलांबर पीतांबर यूनिवर्सिटी में कन्वोकेशन (दीक्षांत समारोह) होना सुनिश्चिता हुआ था। कन्वोकेशन के लिए कुलपति आवास को गेस्ट हाउस बनाया गया था और उस दौरान सभी एसी यहां इंस्टॉल किया गया था। कुलपति ने कहा कि एसी की खरीदारी नियमानुसार जेम पोर्टल से हुई है। अगर जेम पोर्टल से किसी स्तर के गड़बड़ी हुई है तो पूरे मामले में जानकारी दी जाएगी।






