गढ़वा।
गढ़वा-नगर ऊंटारी रेलवे मार्ग पर जोबरईया गांव के समीप मंगलवार को मोबाइल से रील बनाने के दौरान 19 वर्षीय युवती ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में युवती के दोनों हाथ कट गए, जबकि शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवती की पहचान शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की पुत्री पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा कुमारी अपने कुछ दोस्तों के साथ जोबरईया गांव के समीप रेलवे लाइन के पास मोबाइल से रील बना रही थी। इसी दौरान वह रांची-चोपन ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे लाइन के पास गिर पड़ी।
घटना के बाद साथ मौजूद दोस्तों ने तत्काल उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। युवती की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे। बेटी की गंभीर हालत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाद रेलवे लाइन के आसपास रील बनाने और वीडियो शूट करने के दौरान सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।






