मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल नदी किनारे हुए चर्चित गोलीबारी कांड के नामजद आरोपी सुमित कुमार द्वारा पुलिस कस्टडी से सरकारी पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास उस समय विफल हो गया, जब पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि कोयल नदी गोलीकांड में गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार से घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी बाकी थी। इसी सिलसिले में पुलिस टीम उसे कस्टडी में लेकर हथियार बरामद करने गई थी। बरामदगी के बाद लौटने के दौरान आरोपी ने अचानक पुलिसकर्मी की सरकारी पिस्टल छीन ली और मौके से भागने का प्रयास किया।
एसपी के अनुसार, भागते समय आरोपी ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग भी कर दी। आरोपी की ओर से की गई गोलीबारी के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के कारण वह मौके पर ही गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा अपने कब्जे में ले लिया।
घायल आरोपी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सरकारी हथियार छीनने, पुलिस पर फायरिंग करने और पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के प्रयास को लेकर आरोपी के विरुद्ध अतिरिक्त सुसंगत धाराओं में एक और प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






