पलामू।
जेपीएससी परीक्षा गड़बड़ी मामले की जांच में सीआईडी ने सोमवार को झारखंड और बिहार के 20 से अधिक ठिकानों पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की। इसी क्रम में पलामू जिले में भी सीआईडी और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने तड़के सुबह 3 बजे से 8 बजे तक कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया।
पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने मेदिनीनगर के हनुमान नगर में रविशंकर कुमार और नौडीहा बाजार में संतोष कुमार सिंह के आवासों की गहन तलाशी ली। छापेमारी के दौरान जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस और अन्य संभावित साक्ष्य जब्त किए हैं।
बताते चले की हनुमान नगर निवासी रविशंकर कुमार रांची में शिक्षक है तथा जेपीएससी तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करवाता है तथा संतोष सिंह भी शिक्षक है।
जब्त सामग्री की अब सीआईडी द्वारा तकनीकी और दस्तावेजी जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर मामले में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। सीआईडी की इस कार्रवाई के बाद पलामू सहित संबंधित क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल जांच एजेंसियों ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जब्त किए गए साक्ष्यों और जांच की दिशा पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।






