चैनपुर(पलामू)।
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंधुआ गांव में नाबालिग से छेड़खानी के विरोध में हुई गोलीबारी, चाकूबाजी और एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नौ नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर यह सफलता हासिल की।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि घटना की मुख्य वजह एक नाबालिग बच्ची के साथ की गई छेड़खानी और उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग था। पीड़िता द्वारा अपने परिजनों को घटना की जानकारी देने के बाद परिजनों ने आरोपियों से इसका विरोध जताया। इसी बात से नाराज आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से हथियारों के साथ हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक व्यक्ति को गोली लगी, जबकि एक महिला और एक अन्य पुरुष पर चाकू से हमला किया गया। इलाज के दौरान चाकू से गंभीर रूप से घायल पुरुष की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद 19 अभियुक्तों में से मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां और पालु मियां (सभी निवासी बंधुआ, थाना चैनपुर, जिला पलामू) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान सभी गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त खून लगा धारदार चाकू, 7.65 एमएम का एक खोखा, दो बेल्ट तथा ब्लड सैंपल बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट तथा पॉक्सो अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि मामले में शामिल शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






