पाटन (पलामू)।
पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक अर्धनिर्मित मकान से युवक का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी प्रभास महतो के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमानत नदी पुल के समीप स्थित एक अर्धनिर्मित मकान में स्थानीय लोगों ने संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना मिलते ही पाटन एवं लेस्लीगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को अर्धनिर्मित मकान में छिपाकर फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, शव करीब एक-दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। जिस स्थान पर शव मिला है, वह पाटन और लेस्लीगंज थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित है। हालांकि घटनास्थल पाटन थाना क्षेत्र में होने के कारण मामले की जांच पाटन थाना पुलिस कर रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों के साथ-साथ आरोपियों की पहचान में जुटी है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पाटन थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।






