मेदिनीनगर (पलामू)।
पलामू जिले के शहर थाना क्षेत्र के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मामले के आरोपी प्रशांत तिवारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल 2026 को विनीत तिवारी का उनके घर के समीप से अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। मामले में प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल के बड़े भाई दिलीप तिवारी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रशांत तिवारी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि घटना की रात चारों आरोपी नशे की हालत में विनीत तिवारी को उनके घर के पास से अगवा कर ले गए थे। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और गमछे से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी गई।
पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के अगले दिन पुलिस की दबिश की सूचना मिलने पर सभी आरोपी फरार हो गए थे। कुछ दिन तक जंगलों में छिपे रहने के बाद वह झांसी भाग गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि विशेष पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि मुख्य आरोपी प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल सहित सभी फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।






