मेदिनीनगर।
शहर के जीएलए कॉलेज परिसर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत ‘छात्र-संवाद’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के रायपुर से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत छात्र-छात्राओं से संवाद किया और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक, भर्ती घोटाले, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियां तथा शैक्षणिक संस्थानों के राजनीतिकरण जैसे विषय गंभीर चिंता का कारण बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस दौरान पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित छात्रों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बिमला कुमारी ने कहा कि संविधान, शिक्षा और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी होगी। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव चंद्रशेखर शुक्ला ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों पर हुई कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
विशिष्ट अतिथि केडी सिंह ने NEET अभ्यर्थियों के साथ न्याय, पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई, परीक्षाओं में पारदर्शिता, बढ़ती फीस पर नियंत्रण तथा छात्रों के अधिकारों के समर्थन की बात कही। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव गोपाल शर्मा, अभिषेक तिवारी, जितेंद्र कमलापुरी, संजय वर्मन, युवा कांग्रेस के मणिकांत सिंह, मो. गुलाब नबी, मुन्ना खान, एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष साकेत सुमन, अमरनाथ तिवारी, महासचिव वजाहत अंसारी, जिला अध्यक्ष आशीष ठाकुर तथा जीएलए कॉलेज अध्यक्ष ऋषु राज दुबे सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर एकजुटता व्यक्त की।
छात्रों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर जीएलए कॉलेज में ‘छात्र-संवाद’ कार्यक्रम आयोजित






