हुसैनाबाद (पलामू)।
राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डंडीला में पदस्थापित शिक्षक दिनेश प्रसाद के कथित दुर्व्यवहार और कार्यशैली को लेकर शुक्रवार को छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, ग्रामीणों एवं स्थानीय मुखिया ने हुसैनाबाद बीआरसी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी (बीईईओ) के नाम एक मांग पत्र सौंपा और शिक्षक को तत्काल विद्यालय से हटाने की मांग की।
मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक के विद्यालय में आने के बाद से शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हुई है। ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक बच्चों को हाथ में कलावा (धागा) बांधने से मना करते हैं तथा विद्यालय में स्थापित मां सरस्वती की तस्वीर पर पूजा-अर्चना और अगरबत्ती जलाने पर भी रोक लगाते हैं। उनका दावा है कि शिक्षक के व्यवहार से परेशान होकर कई बच्चों ने विद्यालय जाना कम कर दिया है और छात्र लगातार अपने अभिभावकों से शिकायत कर रहे हैं।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के दौरान नियमों का पालन कराने की बात उठने पर शिक्षक ने कथित तौर पर कहा कि पहले जिस विद्यालय में वे कार्यरत थे, वहां औपचारिकता पूरी करने के लिए कुछ लोगों के हस्ताक्षर लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाती थी। इस कथित टिप्पणी को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि शिक्षक दिनेश प्रसाद को तीन दिनों के भीतर राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डंडीला से हटाया जाए तथा पूर्व शिक्षक सुचित कुमार सिंह को पुनः विद्यालय में पदस्थापित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि मामला को संज्ञान में लिया गया है तथा जांच के उपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।






