रामगढ़ (पलामू)।
पलामू जिले की रामगढ़ थाना पुलिस ने बाइक एवं मोबाइल लूटकांड का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बेनीडीह गांव के कबरा बथान निवासी सूरजदेव भुईयां ने 23 जून 2026 को रामगढ़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 22 जून की रात करीब 8 बजे सरहुआ से अपने घर लौटने के दौरान तिनकोनिया मोड़ के समीप बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने उनका पीछा कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उनकी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (JH14P-5442) तथा वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर रामगढ़ थाना कांड संख्या 21/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सबसे पहले चंदन कुमार को गिरफ्तार किया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (JH03AU-5407) बरामद की गई।
चंदन कुमार से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अक्षय कुमार रजक एवं अंकुर कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर लूटी गई स्प्लेंडर बाइक को चैनपुर थाना क्षेत्र के भड़गांव स्थित एक रिश्तेदार के घर से बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त खिलौना पिस्टल, चार मोबाइल फोन, लूटी गई बाइक का नंबर प्लेट, दोनों लुकिंग ग्लास, एक प्लास, एक स्क्रू ड्राइवर तथा दो रिंच भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रामगढ़ पुलिस ने बाइक व मोबाइल लूटकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार






