सतबरवा (पलामू)।
सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल बाजार स्थित आहार के समीप बुधवार रात एक हार्डवेयर सह सेनेटरी दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की इस घटना में दुकान में रखा हार्डवेयर, सेनेटरी सामान, सीमेंट सहित अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 50 से 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, पोलपोल बाजार निवासी नागेंद्र विश्वकर्मा की विश्वकर्मा हार्डवेयर सह सेनेटरी दुकान आहार के पास संचालित है। बुधवार शाम मौसम खराब होने के कारण उन्होंने निर्धारित समय से पहले दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 9 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी दुकान में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही नागेंद्र विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन दुकान में रखे हार्डवेयर और सेनेटरी सामान के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान पूरी तरह जल चुकी थी।
दुकान संचालक नागेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दुकान के ऊपरी हिस्से में हार्डवेयर और सेनेटरी सामग्री रखी थी, जबकि अंडरग्राउंड गोदाम में सीमेंट सहित अन्य सामान का भंडारण किया गया था। आग से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सतबरवा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पोलपोल बाजार में हार्डवेयर-सैनिटरी दुकान में भीषण आग, 50 से 60 लाख की संपत्ति जलकर राख






