मेदिनीनगर।
सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा स्थित फोरलेन सड़क पर गुरुवार दोपहर एक बार फिर भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। लगभग 12:30 बजे एक हाइवा ने स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पांकी थाना क्षेत्र के करार गांव निवासी 35 वर्षीय माजिद आलम (पिता स्व. सलीम अंसारी) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार माजिद आलम स्कूटी से मेदिनीनगर की ओर जा रहे थे। पोखराहा चौक के पास नेशनल हाईवे पार करने के दौरान एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें रौंदते हुए निकल गया। गंभीर रूप से घायल माजिद आलम को तत्काल इलाज के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल के समीप नेशनल हाईवे को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी उपायुक्त को मौके पर बुलाने, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा पोखराहा चौक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे किसी निचले स्तर के प्रशासनिक अधिकारी से वार्ता नहीं करेंगे।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार
हाईवे जाम होने के कारण सड़क के दोनों छोर पर दर्जनों वाहन फंस गए हैं। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं से बढ़ी चिंता
गौरतलब है कि पोखराहा चौक पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। तीन दिन पूर्व भी एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उस घटना के विरोध में भी स्थानीय लोगों ने करीब साढ़े तीन घंटे तक नेशनल हाईवे जाम रखा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले 15 दिनों में पोखराहा क्षेत्र में सड़क हादसों में तीन लोगों की जान जा चुकी है, जिसके बाद ओवरब्रिज निर्माण और सुरक्षा उपायों की मांग और तेज हो गई है। प्रशासन के लिए यह क्षेत्र अब गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।
मौके पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव घटना स्थल पर पहुंचे तथा लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे है।






