पिपरटांड/पलामू।
पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरसी चट्टी में बुधवार को नशा मुक्ति अभियान एवं अवैध अफीम खेती उन्मूलन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को नशे और अवैध अफीम खेती के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में पिपराटांड़ थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी नुकसान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। इसके कारण अपराध, आर्थिक तंगी और सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
थाना प्रभारी ने अवैध अफीम खेती के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कानूनन अपराध है और इसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने लोगों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी तथा अफीम की खेती और उससे जुड़े अवैध कारोबार से दूर रहने की अपील की।
इस दौरान उपस्थित ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण एवं अवैध अफीम खेती नहीं करने की शपथ दिलाई गई। शपथ के दौरान लोगों ने संकल्प लिया कि वे किसी भी परिस्थिति में अफीम की खेती नहीं करेंगे और न ही इससे जुड़े किसी प्रकार के अवैध कारोबार में शामिल होंगे। थाना प्रभारी ने शपथ दिलाते हुए कहा, “मैं किसी भी कीमत पर अफीम की खेती नहीं करूंगा। मैं कभी भी अफीम से संबंधित किसी भी कारोबार में हिस्सा नहीं लूंगा और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करूंगा।”
कार्यक्रम में थाना के पुलिस पदाधिकारी, कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नशा और अवैध अफीम खेती के खिलाफ एकजुट होकर समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और जागरूक बनाने का संकल्प लिया।






