चैनपुर थाना क्षेत्र के हरभोगा गांव में पड़ोसियों पर मारपीट का आरोप, धारदार हथियार से हमला; पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पलामू।
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के हरभोगा गांव में डायन-ओझा का आरोप लगाकर एक ही परिवार के सात लोगों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। हमले में एक छोटा बच्चा भी घायल हुआ है। सभी घायलों का इलाज मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, कांति देवी के परिवार और पड़ोसियों के बीच विवाद उस समय शुरू हुआ जब कांति देवी के घर का बच्चा अभय दीक्षित गांव के एक मैदान में शौच कर दिया। आरोप है कि इसी बात को लेकर वरुण दीक्षित ने बच्चे पर पत्थर फेंककर हमला कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई।पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शाम को अशोक दीक्षित, वरुण दीक्षित, संगीता कुमारी, सोनम कुमारी, रीना देवी, सुनिता देवी, सुमन कुमारी, निभा कुमारी, शीला देवी, कुंति देवी समेत अन्य लोग कांति देवी के घर पहुंचे और डायन-ओझा का आरोप लगाते हुए हमला कर दिया। बताया गया कि कुछ लोग छत के रास्ते घर में घुसे और परिवार के सदस्यों की जमकर पिटाई की।
इस घटना में कांति देवी, बैजनाथ दीक्षित, राकेश दीक्षित, पूनम दीक्षित, मनिता देवी, अभय दीक्षित तथा संदीप दीक्षित घायल हो गए। घायलों में कई लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं तथा कुछ के हाथ-पैर में भी चोट लगी है। चिकित्सकों को कई घायलों के सिर पर टांके लगाने पड़े।पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें लंबे समय से डायन बताकर प्रताड़ित किया जा रहा है।
परिवार के अनुसार, आरोप लगाने वालों के घर के कुछ सदस्य बीमार रहते हैं और वे बीमारी का कारण भूत-प्रेत बाधा मानते हुए कांति देवी को डायन कहकर परेशान करते हैं।घटना के बाद कांति देवी और उनके परिवार के सदस्यों ने पलामू के पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।






