होम  झारखंड पलामू प्रमंडल शिक्षा धर्म जीवन शैली स्वास्थ्य

अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू, चार माह से वेतन नहीं मिलने पर एमएमसीएच के एनएचएम कर्मी हड़ताल पर

On: March 12, 2026 8:14 AM
Follow Us:

मेदिनीनगर (पलामू)।

पलामू प्रमंडल के एकमात्र मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में गुरुवार को स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं। अस्पताल में कार्यरत एनएचएम कर्मी चार माह से बकाया वेतन के विरोध में कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर एमएमसीएच परिसर में धरना-प्रदर्शन भी किया। जानकारी के अनुसार वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट झेल रहे दर्जनों कर्मियों ने होली से पूर्व ही पलामू सिविल सर्जन से मिलकर वेतन भुगतान की मांग की थी। साथ ही वेतन नहीं मिलने की स्थिति में हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद बीते मंगलवार को कर्मियों ने पलामू समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद तय समय सीमा के भीतर कोई कार्रवाई नहीं होने पर गुरुवार से सभी कर्मी हड़ताल पर चले गए।

हड़ताल का असर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं पर साफ देखने को मिला। दूर-दराज से इलाज के लिए आए मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे दिन अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बना रहा और कई मरीज इलाज के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए। धरना पर बैठे एनएचएम कर्मियों ने बताया कि वे अस्पताल में दिन-रात ड्यूटी कर स्वास्थ्य सेवाएं संभालते हैं, लेकिन पिछले चार से छह महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है। इस समस्या को लेकर वे कई बार सिविल सर्जन और विभागीय अधिकारियों से मिल चुके हैं। इसके अलावा उपायुक्त से भी गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन हर बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर भुगतान टाल दिया जाता है।

कर्मियों ने कहा कि कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। बच्चों की स्कूल फीस और मकान का किराया देना भी मुश्किल हो गया है। कई मकान मालिक घर खाली करने की चेतावनी दे चुके हैं।

कर्मियों की मांगों में नवंबर 2025 से लंबित वेतन का अविलंब भुगतान, भविष्य में वेतन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करना, केवल आश्वासन के बजाय लिखित आदेश जारी करना और उसका क्रियान्वयन शामिल है। स्वास्थ्यकर्मियों ने साफ कहा कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक उनकी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में होने वाली किसी भी परेशानी के लिए विभाग और प्रशासन जिम्मेदार होगा।

पलामू सिविल सर्जन अनिल श्रीवास्तव ने बताया कि सभी एनएचएम कर्मी का बिल भेजा जा चुका है हमारे तरफ से कोई रुकावट नहीं है। वही अस्पताल अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ तरीके से चल रही हैं सभी डॉक्टर काम कर रहे हैं तथा जो कर्मचारी छुट्टी पर थे उनकी छुट्टी रद्द कर दी गई है तथा जरूरत पड़ने पर ओवर टाइम भी करवाया जाएगा आगे उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन पलामू को चिट्ठी लिखकर जिले में जहां भी एएनएम जीएनएम कंपाउंडर अलग अलग जगह कार्यरत हैं उन्हें वापस बुलाने के लिए चिट्ठी लिखा गया है ताकि अस्पताल की व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

धरना-प्रदर्शन में चंचला कुमारी, शबाना, सतेंद्र कुमार, सुजीत कुमार, चंदन कुमार, अनुज श्रीवास्तव, श्रीपति, रंजन कुमार, दुर्गेश सिंह, सुजीत मिंज, पप्पू कुमार, धीरज, संजय ठाकुर, मधुप्रिया, पूर्णिमा कुमारी, रूपा कुमारी, चंदन पासवान समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।

ipnnews14@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment