मेदिनीनगर। नगर निगम चुनाव की सरगर्मी के बीच स्थानीय राजनीति में उस वक्त बड़ा मोड़ आ गया जब हिन्दू सनातनी एकता के ध्वजवाहक गौतम खट्टर ने मेयर प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में खुलकर उतरने की घोषणा की। गीता भवन स्थित प्रधान चुनाव कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता और उसके बाद निकाली गई रैली को समर्थकों ने “विकास और व्यवस्था परिवर्तन का शंखनाद” बताया।
विकास और विरासत की बात
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हिंदूवादी फायर ब्रांड नेता डॉ गौतम खट्टर ने पूर्व डिप्टी मेयर राकेश सिंह उर्फ मंगल की पत्नी महापौर प्रत्याशी रिंकू सिंह के लिए गुरुवार को वोट मांगा। उन्होंने मेदिनीनगर में रोड शो किया। उनके रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। खासकर महिलाओं की संख्या अधिक थी। जय जय श्री राम के नारे लगाए गए। रोड शो से पहले डॉक्टर गौतम ने रिंकू सिंह के कार्यालय दुर्गा मंडप में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मेदिनीनगर के ‘मंगल’ के लिए रिंकू सिंह का समर्थन करें और अगर यहां दंगल चाहते हैं तो हरे पगड़ी वाले के साथ चले जाएं। मंगल सिंह जन नेता हैं। डिप्टी मेयर रहते हुए कागज और मुहर गाड़ी में रखते थे और ऑन स्पॉट कार्य करते थे। ऐसा वह खुद नहीं उनके विरोधी बताते हैं। इनके पास पैसा कम है। बैनर पोस्टर शहर में कम नजर आते हैं, लेकिन मंगल जी नौजवानों के हृदय में बसते हैं। उनकी छवि बेहतर है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में 1 लाख 29 हजार वोटर हैं, लेकिन 30 हजार विशेष समुदाय का वोट पाने के लिए कुछ लोग गली-गली घूम रहे हैं। कब्रिस्तान की घेराबंदी एवं मजार बनाने की घोषणा की जा रही है। ऐसे लोग राजनीति को दूषित कर रहे हैं। आज पलामू जिले में गौ रक्षा की बात होती है तो मंगल सिंह का नाम सबसे पहले आता है। 15- 20 वर्ष से यह सेवा दे रहे हैं लेकिन अकेले हैं। यह चुनाव इन्हें ताकत देगा। अगर उनकी जीत होती है तो मेदिनीनगर में धर्म बचेगा और इसके सहारे हम सभी बचेंगे। गौ माता की तस्करी करने वालों का समर्थन कभी नहीं करें। मौके पर अंग वस्त्र और पुष्प कुछ देकर गौतम खट्टर का स्वागत किया गया।
संतों का आशीर्वाद
कार्यक्रम में स्वामी प्रबोधानंद गिरि (महामंडलेश्वर, पंचदशनाम जूना अखाड़ा एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, हिंदू रक्षा सेना) सहित कई साधु-संत उपस्थित रहे। स्वामी प्रबोधानंद गिरि ने अपने संबोधन में धर्म और विकास की रक्षा के लिए रिंकू सिंह के पक्ष में मतदान की अपील की। अन्य संतों ने भी प्रत्याशी को विजय का आशीर्वाद दिया।
जय भवानी संघ चौक पर जनसभा
प्रेस वार्ता के बाद शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए एक रैली निकाली गई, जो जय भवानी संघ चौक पर जनसभा में तब्दील हो गई। निवर्तमान उपमहापौर मंगल सिंह ने कहा, मैं जनता का सेवक बनकर रहा हूं और आगे भी रहूंगा। मेदिनीनगर मेरी कर्मभूमि है और इसकी अस्मिता की रक्षा के लिए मैं सदैव तैयार हूं। रिंकू सिंह ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा, “कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मंगल सिंह चुनाव नहीं लड़ेंगे। यह अब सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि जन आंदोलन बन चुका है। एक तरफ पार्टियों का चेहरा है, तो दूसरी तरफ मेदिनीनगर की सम्मानित जनता का समर्थन। प्रदीप सिन्हा ने भी शहर के स्वर्णिम भविष्य के लिए एकजुट होकर मतदान करने की अपील की।
नारों से गूंजा शहर
रैली के दौरान “जय श्री राम” और “विकास का साथ-रिंकू सिंह का हाथ” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। कार्यक्रम का संचालन परिमल प्रसून और प्रदीप सिन्हा ने किया, जबकि प्रबंधन की जिम्मेदारी किशोर सिन्हा और मंगल सिंह ने संभाली।
आयोजकों ने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने स्पष्ट संकेत दे दिया है कि शहर की जनता बदलाव के मूड में है। कार्यक्रम में विभिन्न वार्डों के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।






