मेदिनीनगर।
नगर निगम चुनाव में महापौर पद की प्रत्याशी पूनम सिंह के पक्ष में लगातार जनसमर्थन बढ़ता नजर आ रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में चल रहे जनसंपर्क अभियान में सभी वर्गों एवं समुदायों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समुदाय के लोग “आपस में सब भाई-भाई” की भावना के साथ उनके समर्थन में खुलकर सामने आ रहे हैं।
पूनम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वे चुनाव किसी पद या प्रतिष्ठा के लिए नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और सेवा के संकल्प के साथ लड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार लगभग 60 वर्षों से नगर निगम की जिम्मेदारियों से जुड़ा रहा है और जनता के भरोसे पर खरा उतरता आया है। इसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से वे चुनाव मैदान में उतरी हैं। इसी क्रम में इमामिया मुहल्ला में एक स्थायी चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया, ताकि स्थानीय लोगों से संवाद और समन्वय को और सशक्त बनाया जा सके।
कार्यालय उद्घाटन के बाद जनसंपर्क यात्रा बाजार मुहल्ला, कुम्हार मुहल्ला, मंसूरी मुहल्ला, गढ़वा रोड, न्यू मुहल्ला, बिचला मुहल्ला, चहका पनेरीबांध, तैयबा नगर, चिश्ती नगर और बजरंग मुहल्ला होते हुए विवेकानंद चौक पहुंची, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान सैकड़ों समर्थक उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चले और जोरदार समर्थन का दावा किया गया।
अल्पसंख्यक समुदाय के सक्रिय कार्यकर्ताओं और स्थानीय गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने अभियान को मजबूती प्रदान की। शाहपुर अंजुमन के रुस्तम मंसूरी, पूर्व सदर इस्तेखार अंसारी, पूर्व उपमुखिया अजीम अली, मो. शाहिद, आदिल कमाल, जेया खान, मो. शकील, अकबर खान, असगर अली सहित कई लोगों ने समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार नगर निगम की जिम्मेदारी पूनम सिंह को सौंपने का मन बना लिया गया है।
इस अवसर पर झामुमो अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्व मेयर के कार्यकाल में आम जनता और व्यवसायियों को अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व संकल्प पत्र के कई वादे अधूरे रह गए। साथ ही यह भी कहा कि नगर विकास विभाग से प्राप्त पत्र के बावजूद प्रति स्क्वायर फीट ₹4 के स्थान पर ₹6 शुल्क लिया गया, जो व्यवसायियों के हितों की अनदेखी है।
पूनम सिंह ने कहा कि वे किसी बड़े नेता या नाम के भरोसे नहीं, बल्कि क्षेत्र के हर मतदाता को अपना परिवार मानकर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि निगम से जुड़ी सभी सेवाएं—जल संकट का समाधान, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट और व्यापारियों की समस्याएं—समान प्राथमिकता के साथ सुलझाई जाएंगी।
उन्होंने कहा, “मैं चुनाव लड़ने नहीं, बल्कि सेवा करने आई हूं। जनता का जो प्यार और उत्साह मिल रहा है, उससे मुझे विश्वास है कि इस बार नगर निगम में विकास और विश्वास की नई शुरुआत होगी। चुनावी माहौल में पूनम सिंह के पक्ष में बढ़ता जनसमर्थन यह संकेत दे रहा है कि नगर निगम की कमान को लेकर मुकाबला रोचक होता जा रहा है।






