चैनपुर।
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरहा गांव में एक हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात अपराधियों ने लगभग 25 वर्षीय एक युवक की निर्मम हत्या करने के बाद उसके शव को जला दिया। शुक्रवार को युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चैनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरहा गांव के आसपास के ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के पीछे स्थित एक सुनसान स्थान पर युवक का अधजला शव देखा। शव दिखाई देने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थानीय लोगों द्वारा पहचान नहीं हो सकी। हालांकि, गांव में यह चर्चा है कि मृत युवक शाहपुर इलाके का रहने वाला हो सकता है। फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या पत्थर से कुचलकर की गई है और अपराध छिपाने के उद्देश्य से बाद में शव को जलाने का प्रयास किया गया। हत्या किसने की और घटना के पीछे क्या कारण है, इसे लेकर पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के इलाकों में पूछताछ के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस संबंध में चैनपुर थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और पहचान के लिए आसपास के थानों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचना भेजी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या से जुड़े और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।






