मेदिनीनगर।
पलामू लोकसभा सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने गुरुवार को पलामू प्रमंडल की बहुप्रतीक्षित उतरी कोयल जलाशय परियोजना (मंडल डैम) के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को वर्ष के अंत तक परियोजना का कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में सांसद ने परियोजना स्थल पर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा उन स्थानों का मुआयना किया, जहां फाटक में कुल 12 गेट लगाए जाने हैं। उन्होंने बताया कि सभी गेट परियोजना स्थल तक पहुंच चुके हैं और शीघ्र ही गेट लगाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
सांसद श्री राम ने बताया कि बरवाडीह से मंडल डैम तक लगभग 22 किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क के निर्माण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। इस कार्य के लिए निविदा प्रकाशित हो चुकी है तथा शीघ्र ही निविदा का निस्तारण कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उतरी कोयल जलाशय परियोजना के लिए वे लगातार प्रयासरत रहे हैं और इस संबंध में संसद के शून्यकाल के दौरान कई बार प्रश्न भी उठाए हैं। सांसद ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सांसद ने कहा कि उतरी कोयल जलाशय परियोजना झारखंड की सबसे महत्वाकांक्षी जल योजनाओं में से एक है। इसके पूर्ण होने से न केवल सिंचाई व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिलेगी। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वय से यदि परियोजना समय पर पूरी होती है, तो यह क्षेत्र के विकास में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर वाप्कोस लिमिटेड के महाप्रबंधक श्री संजय शर्मा, जिला सांसद प्रतिनिधि श्री विजय ओझा, श्री ईश्वरी पांडेय, श्री शिव कुमार मिश्रा, सांसद के निजी सचिव श्री अलख दुबे, श्री भोला पांडेय, श्री कौशल झा सहित कंपनी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
साल के अंत तक पूरा हो उतरी कोयल जलाशय का कार्य : सांसद विष्णु दयाल राम






