मेदिनीनगर
शहर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते दो दिनों के भीतर तीन बंद घरों को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी समेत लाखों रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस संबंध में पीड़ितों द्वारा शहर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाना प्रभारी अंजीलूल मनाना मनोवर ने बताया कि आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बैरिया मोहल्ला निवासी रंजय कुमार सिंह के अनुसार वे अपने परिवार के साथ पुश्तैनी मकान पाटन गए हुए थे। इसी दौरान पार्सल डिलीवरी के लिए आए कर्मी ने फोन कर बताया कि घर का दरवाजा खुला हुआ है। वीडियो कॉल के माध्यम से देखने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही शाम में घर लौटने पर सभी दरवाजों के ताले टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा हुआ था। गोदरेज में रखे 20 हजार रुपये नकद सहित जेवरात चोरी हो चुके थे। इसके बाद पीड़ित ने शहर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया।
वहीं श्रीराम पथ निवासी अरुण कुमार द्विवेदी एवं अशोक कुमार तिवारी के घर से भी चोरों ने 50 हजार रुपये नकद सहित जेवरात चोरी कर लिए। इस संबंध में अरुण कुमार द्विवेदी द्वारा शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।






