
लेस्लीगंज(पलामू)।
पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डबरा जंगल में एक अधेड़ की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नावाडीह तेनार गांव निवासी 65 वर्षीय पच्चू मोची के रूप में हुई है। बताया गया कि पच्चू मोची सोमवार को मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजन उनकी खोजबीन में जुट गए थे। परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह घटना की जानकारी डबरा पंचायत के मुखिया पति नन्दू मोची को दी गई। इसके बाद मुखिया पति ग्रामीणों के साथ पच्चू मोची की तलाश में निकले। इसी क्रम में घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर डबरा जंगल में बुधवार शाम उनकी डेडबॉडी बरामद की गई।
शव पर धारदार हथियार से गला रेतने के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। गुरुवार दोपहर मृतक के शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह हत्या अंधविश्वास से जुड़ी हो सकती है और ओझागुणी का आरोप लगाकर पच्चू मोची की जान ली गई है।
लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया की पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक का शव घर से दूर जंगल में रोड के किनारे पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






