
खेल से अनुशासन, एकता और स्वस्थ समाज का निर्माण : सांसद विष्णु दयाल राम
मेदिनीनगर।
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को मेदिनीनगर स्थित टाउन हॉल में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसी अवसर पर सुशासन दिवस के रूप में आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का भव्य एवं सफल समापन समारोह भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा नेताओं द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। सभागार में उपस्थित जनसमूह ने सांसद खेल महोत्सव के समापन दिवस पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम को बड़े स्क्रीन के माध्यम से ऑनलाइन देखा और सुना, जिससे वे वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री से जुड़े। प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर के विभिन्न संसदीय क्षेत्रों के खेल प्रतिभागियों से संवाद भी किया।
इसके पश्चात पलामू संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आयोजित सांसद खेल महोत्सव के फाइनल मुकाबलों में शामिल हाफ मैराथन, जूडो, कराटे, गतका, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों के बालक एवं बालिका वर्ग के लगभग 300 विजेता एवं उपविजेताओं को सांसद श्री विष्णु दयाल राम द्वारा ट्रॉफी तथा स्वर्ण एवं रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, कुल 4053 प्रतिभागियों को खेलों में भागीदारी के लिए मेडल एवं प्रमाण पत्र दिए गए।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल सत्ता पक्ष ही नहीं, बल्कि विपक्ष के भी प्रिय और सम्मानित नेता थे। वे एक दूरदर्शी राजनेता थे, जिनके कार्यों—स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, सर्व शिक्षा अभियान, पोखरण परमाणु परीक्षण, संचार तकनीक में क्रांति—ने देश को नई दिशा और गति दी। उन्होंने सांसद खेल महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने वाले पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, तकनीकी टीम और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री मनोज सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के सपनों को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी निरंतर प्रयासरत हैं। सांसद खेल महोत्सव सरकार के युवा-केंद्रित दृष्टिकोण को दर्शाता है। वरिष्ठ भाजपा नेता श्री श्याम नारायण दुबे ने कहा कि यह महोत्सव युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी छुपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त मंच है।
जिला अध्यक्ष श्री अमित तिवारी ने कहा कि वाजपेयी जी की 101वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए हम सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने और उसे आत्मसात करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में प्रथम महापौर अरुणा शंकर, विपिन बिहारी सिंह, परशुराम ओझा, नरेंद्र पांडे, विजयानंद पाठक, स्मिता आनंद, चेतन चौहान, विजय ओझा, शिवकुमार मिश्रा, ईश्वरी पांडे, अविनाश वर्मा, दुर्गा जौहरी, मंगल सिंह, लवली गुप्ता, संध्या सिंह, धर्मदेव सिंह यादव, रघुराज पांडे, रामप्रवेश सिंह, सूरज गुप्ता, भोला पांडे, छोटू सिन्हा, संजय कुमार, नंदलाल गुप्ता, प्रमोद चौबे, मिथिलेश तिवारी, शिवनारायण चंद्रा, मुकेश चौबे, रामसरिक, चंद्रमणि पाठक, महेंद्र सिंह, सुनील माली, ओंकार तिवारी, सरवन गुप्ता, प्रसंजित दास गुप्ता, रोहित पाठक, सुमन गुप्ता, अनुज पांडेय, अलख दुबे, कौशल झा, अभिषेक चौरसिया, आशीष कुमार, प्रमोद दास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रतिभागी और आमजन उपस्थित रहे।






