मेदिनीनगर (पलामू)।
विहंगम योग संस्थान द्वारा भारतीय नववर्ष के अवसर पर आयोजित विश्वव्यापी स्वर्वेद यात्रा महोत्सव के तहत पलामू जिले में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। संस्थान की पलामू शाखा की ओर से गुरुवार को पांकी, छतरपुर एवं मेदिनीनगर में स्वर्वेद शोभायात्रा, विशेष सत्संग गोष्ठी और भंडारा का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में निकाली गई स्वर्वेद शोभायात्रा आकर्षण का केंद्र रही। यह शोभायात्रा शहर के एसओ पेट्रोल पंप के समीप बबलू पाठक के आवासीय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः वहीं आकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो अपने सिर पर पवित्र सदग्रंथ स्वर्वेद धारण किए हुए तथा हाथों में “अ” अंकित श्वेत ध्वज लिए चल रहे थे।
सुसज्जित वाहन पर सदगुरुदेव की तस्वीर सजाई गई थी। पूरे मार्ग में सदगुरुदेव के जयघोष और स्वर्वेद की ऋचाओं के उच्चारण से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के झारखंड प्रदेश महामंत्री ललित कुमार सिंह ने कहा कि सदग्रंथ स्वर्वेद विहंगम योग का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि हिमालय के महान योगी महर्षि सदाफलदेव जी महाराज ने 17 वर्षों की कठोर तपस्या के बाद अपने आध्यात्मिक अनुभवों के आधार पर इस अद्वितीय ग्रंथ की रचना की।
उन्होंने कहा कि स्वर्वेद आत्मज्ञान, ब्रह्मविद्या और विश्व शांति का मार्ग दिखाता है। इसके दोहों के श्रवण और आचरण से व्यक्ति की चेतना ऊर्ध्वमुखी होती है और आध्यात्मिक संस्कार जागृत होते हैं। यह ग्रंथ आत्मा से परमात्मा तक के सफर का मार्गदर्शन करता है तथा ज्ञान, भक्ति और वैराग्य का समन्वय प्रस्तुत करता है। कार्यक्रम का समापन सदगुरुदेव की वंदना, आरती एवं शांति पाठ के साथ हुआ। इसके पश्चात आयोजित भंडारा में उपस्थित भक्तजनों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त न्यायाधीश आलोक दुबे, नंदलाल पासवान, भानु प्रताप देव, रविंद्र श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद अरोड़ा, शिवकुमार सिंह, गिरीश पाठक, शंभु कुमार, अंकुर पाठक, रमेश, शुभम, विनीत पांडेय, सुराग दुबे, सविता पाठक, योगमाया, उजाला उपाध्याय, सौगंध मेहता, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पलामू में विहंगम योग संस्थान का स्वर्वेद यात्रा महोत्सव, शोभायात्रा व सत्संग से गूंजा माहौल






