मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के मेदिनीनगर शहर के कांदू मोहल्ला के समीप कोयल नदी में गुरुवार दोपहर लगभग 3:30 बजे स्नान करने के दौरान डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान देव कुमार (10 वर्ष), पिता भारत साव और शुभम कुमार (11 वर्ष), पिता मुकेश शर्मा के रूप में हुई है। दोनों बच्चे कांडू मोहल्ला के निवासी थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और संतुलन बिगड़ने के कारण गहरे पानी में डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद दोनों बच्चों के शव राम जानकी मंदिर के समीप नदी तट की ओर से बरामद किए गए।
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना के बाद कांदू मोहल्ला सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। दोनों बच्चों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।






