हुसैनाबाद के पतरा कला गांव की घटना, दो दिन बाद कुएं में मिला शव; पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया
हुसैनाबाद (पलामू)।
दशहरा पर्व की खुशियों के बीच हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में दर्दनाक हादसे से मातम पसर गया। खेत में सब्जियों के पौधों की सिंचाई करने गए 35 वर्षीय किसान अंबेडकर कुमार पासवान की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार, 20 अक्टूबर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पतरा कला गांव निवासी स्व. रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान रविवार की सुबह घर में किसी को बताए बिना खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे। वह खेत के पास स्थित कुएं से बाल्टी और रस्सी की मदद से पानी निकालकर पौधों में पटवन कर रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है। पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने की खोजबीन
अंबेडकर कुमार पासवान के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। उन्होंने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने हुसैनाबाद थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित सूचना दी। इसी बीच सोमवार की शाम गांव की एक महिला की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी। महिला ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिजनों को दी। शव मिलने की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाया
सूचना मिलने पर हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कुएं से निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेजा गया। शाम होने के कारण पोस्टमार्टम की प्रक्रिया मंगलवार को पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
दशहरा पर्व के बीच हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। किसान की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, गांव के लोग भी घटना से मर्माहत हैं।






