108 एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर निजी वाहन से महिला को पहुंचाया गया MMCH, अस्पताल में चल रहा इलाज
मेदिनीनगर (पलामू): डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। महिला ने स्टेशन के नए पोर्टिको में ही एक बच्चे को जन्म दिया। राहत की बात यह रही कि प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों सुरक्षित हैं। फिलहाल दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान संगीता कुंवर (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह गढ़वा जिले के मेराल की रहने वाली बताई जा रही है। उसके पति का नाम फिरोज राम और ससुर का नाम रामजीत राम बताया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महिला शहरी क्षेत्र में भीख मांगकर गुजर-बसर करती है। सोमवार शाम करीब छह बजे वह टीओपी-2 की ओर से होते हुए डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन के नए पोर्टिको में पहुंची। इसी दौरान उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। स्थिति को देखते हुए आसपास मौजूद महिलाओं ने उसे एक तरफ ले जाकर प्रसव कराने में मदद की।
बच्चे के जन्म के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल के कारण सेवा उपलब्ध नहीं हो पाई। इसके बाद लोगों ने निजी वाहन की व्यवस्था की और महिला व नवजात को MMCH पहुंचाया।
फिलहाल अस्पताल में मां और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। हालांकि, इस घटना ने आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसव जैसी आपात स्थिति में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है।






