पलामू।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर समाज के विभिन्न वर्गों को “विकसित भारत @2047” के संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को देशभर में “सेवा ज्योति यात्रा” का आयोजन किया गया। इसी क्रम में पलामू संसदीय क्षेत्र के मेदिनीनगर स्थित शिवाजी मैदान में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग, युवा तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को उत्साहपूर्वक सुना।
इस मौके पर सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनसेवा और सुशासन के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “सेवा ज्योति यात्रा” प्रधानमंत्री के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के क्षेत्र में देश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कार्यक्रम में शामिल सभी नागरिकों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सेवा ज्योति यात्रा को सफल बनाया है। साथ ही उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






